व्हाट्सएप फ्रेंड ने युवती की फोटो एडिट कर वायरल करने की धमकी देकर उससे तीस हजार रुपये ठग लिए। यही नहीं उसके भाई को भी जान से मारने की धमकी दी। अब युवक उसे और उसके भाई को धमकी भरे एसएमएस भेजकर तंग कर रहा है। पीड़ित युवती के माता-पिता और भाई ने किला थाने पहुंचकर इसकी शिकायत पुलिस से की है।
किला क्षेत्र की एक युवती निजी कंपनी में नौकरी करती है। एक युवक ने तीन साल पहले उससे संपर्क किया। बाद में दोनों में व्हाट्सएप पर बातचीत होने लगी। युवक ने अपना नाम राहुल सिंह निवासी मुंबई बताया। इसी दौरान उसने युवती के प्रोफाइल से फोटो भी हासिल कर ली और उससे छेड़छाड़ कर अश्लील बना दिया। इसके बाद वायरल करने की धमकी दी और पैसे मांगने शुरू कर दिए। युवती ने तीस हजार रुपये उसके बताए खाते में जमा कर दिए। इसके बावजूद युवक उससे और पैसे की डिमांड कर रहा है। पैसा न देने पर उसके भाई को भी धमकी दी जा रही है। उसके मोबाइल पर भी धमकी भरे एसएमएस भेजे जा रहे हैं। इससे परिवारवाले खासे परेशान हैं।