सीबीगंज। कब्रिस्तान के रास्ते पर पुलिया निर्माण को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया। यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए।
गांव महेशपुरा में कब्रिस्तान का रास्ता एक तरफ से गांव में होकर जाता है। इधर, हाईवे से कब्रिस्तान जाने के लिए दूसरा रास्ता बनाने को लेकर एक समुदाय के लोगों ने हाईवे किनारे पुलिया का निर्माण करा दिया। दूसरे समुदाय के विष्णु अग्रवाल को यह बात पता लगी तो वह मौके पर पहुंच गए। उनका कहना था कि यह जगह उनकी है। इधर से कब्रिस्तान के लिए कोई रास्ता नहीं है। इस जगह के उनके पास पूरे कागजात हैं। नगर निगम से जानकारी करने पर भी यहां कोई रास्ता न होने की बात कही गई है। उन्होंने कुछ मजदूरों को रविवार शाम बुलाया और पुलिया तुड़वाने लगे। इसकी जानकारी दूसरे समुदाय को हुई तो वह पक्ष भी मौके पर पहुंच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया। इस संबंध में महेशपुरा के सभासद इकबाल का कहना है कि गांव के लोग इस रास्ते से वर्षों से निकलते आ रहे हैं, तब उन्हें नहीं रोका गया। अब पुलिया निर्माण के बाद आपत्ति जताई जा रही है। ब्यूरो