बरेली। सिरौली क्षेत्र के एक बराती की बिशारतगंज में हत्या कर दी गई थी। शव को नग्न हालत में सिर कुचलकर भूसे में दबाया गया था। पुलिस ने इस मामले में परिवार के ही कुछ सदस्यों को बैठा लिया है। शक की सुई इन ही लोगों की ओर है। अवैध संबंधों में हत्या होने के साक्ष्य मिल रहे हैं।
बिशारतगंज के गांव चंजरी बाल किशनपुर निवासी 40 वर्षीय भजनलाल की भतीजी की शादी अलीगंज क्षेत्र के गांव अमरोली निवासी देशराज के बेटे से हुई थी। मंगलवार को देशराज की बेटी की शादी में भजनलाल बच्चों के साथ आए थे। रात एक बजे तक भजनलाल को विवाहस्थल पर देखा गया। कार्यक्रम स्थल से थोड़ी दूर रामबहादुर के खेत में भूसे का ढेर पड़ा था। सुबह रामबहादुर की पत्नी के भूसा निकालते ही मानव हाथ बाहर आ गया। ग्रामीणों ने भूसा हटाकर देखा तो भजनलाल की लाश पड़ी थी। समधी देशराज ने अज्ञात आरोपियों पर हत्या की रिपोर्ट कराई। अब पुलिस ने इस मामले में देशराज से पूछताछ शुरू की है। भजनलाल के दो भतीजे भी शादी में आए थे। उनसे भी पूछताछ की जा रही है। एसपी देहात डॉ. संसार सिंह ने भी इन लोगों से पूछताछ की। बताया कि जल्दी ही मामले का खुलासा कर देंगे। ब्यूरो