बरेली। होली पर घर में घुसकर जानलेवा हमला करने, छेड़छाड़ और मारपीट के मामले में पीड़िता ने शुक्रवार रात को थाना बारादरी में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बारादरी में जोगीनवादा निवासी महिला का आरोप है कि 21 मार्च को तहेरे ससुर की गमी से बेटे संग बाइक पर घर लौट रही थीं। होली चौक के पास मोहल्ले के प्रदीप कुमार, विकास उर्फ मोनू, राकेश मोहन, सुरेश पाल व दो अज्ञात व्यक्ति नशे में हुड़दंग मचा रहे थे। वहां से गुजरते वक्त उन्हें रोक लिया और रंग लगाने के बहाने बदतमीजी करने लगे। विरोध पर बेटे को पीटा और उनसे अभद्रता की। किसी तरह बचकर वे लोग घर में पहुंचे तो पीछे से घुसे आरोपियों ने बेटे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। उनके कपड़े फाड़ने की कोशिश की। पति ने विरोध किया तो विकास उर्फ मोनू ने उन पर हमला कर दिया। मोहल्ले वालों के इकट्ठा होने पर आरोपी भाग निकले। महिला की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। साथ ही पुलिस का कहना है कि मौके पर दोनों पक्षों में हाथापाई हुई थी। आरोपी पक्ष का एक घायल तो कई दिन अस्पताल में भर्ती रहा था।