उमरिया के तीन घरों में बदमाशों के तांडव के बाद भी पुलिस हरकत में नहीं आई। जिसका फायदा उठाकर बदमाशों ने मंगलवार रात दो और घरों को निशाना बना डाला। यूपी 100 पुलिस ने पहुंचकर इन घरों में छानबीन की, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लगा। फिलहाल पुलिस ने खाली पड़े घरों में चोरियां और लूटपाट रोकने के लिए गांव के अंदर गश्त बढ़ा दी है।
उमरिया के 70 फीसदी ग्रामीण घर छोड़कर जा चुके हैं। यहां रहने वाले ट्रक ड्राइवर अलाउद्दीन मोहर्रम पर परिवार समेत जयपुर गए थे। बुधवार सुबह वापस आए तो मुख्यद्वार का ताला टूटा पड़ा था। अंदर पहुंचे तो सामान भी बिखरा मिला। उन्होंने बताया कि चोरों ने करीब तीस हजार रुपये, दो सोने के हार और एक झुमकी चोरी कर ली। इसी गांव की खातून भी घर में नहीं थीं। बुधवार को आईं तो ताले टूटे हुए मिले। उनका अनुमान है कि चोर दीवार कूदकर घर के अंदर आए और करीब 19 हजार नकद और एक जोड़ी कुंडल और बर्तन चोरी कर ले गए। मोहर्रम के जुलूस को लेकर हुए बवाल के बाद पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गांव की सीमा पर डेरा डाले हुए है, इसके बावजूद सोमवार रात छह से ज्यादा हथियारबंद बदमाशों ने उमरिया में धावा बोल दिया। सोमवार रात को बदमाशों ने महिलाओं और बच्चों को बंधक बनाकर तीन घरों में लूटपाट की। सोमना, कलीमुद्दीन और नूर मोहम्मद के घरों में भी लूटपाट हो चुकी है।