बीवी ने तलाक के फर्जी कागज तैयार कराकर दूसरा निकाह कर लिया। जब यह बात शौहर को पता चली तो उसने बीवी और ससुराल वालों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज करा दी। शौहर का यह भी आरोप है कि बीवी दहेज का सामान तो ले ही गई, घर से नौ तोला सोना और ढाई लाख रुपये भी ले गई।
मोहल्ला टांडा के युवक का निकाह छह साल पहले रिछा की एक युवती के साथ हुआ था। शादी के बाद उनके एक बेटा हुआ। थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, बीवी शौहर पर बरेली में रहने के लिए दबाव बना रही थी। बेटा होने के बाद जब उसने बरेली में रहने से मना किया तो करीब एक साल पहले वह बेटा छोड़कर मायके चली गई। कुछ समय पहले उसे पता लगा कि उसकी बीवी ने बरेली के एक युवक के साथ निकाह कर लिया है, जबकि उसका उससे तलाक भी नहीं हुआ। पीड़ित का कहना है कि बीवी ने तलाक के फर्जी कागज तैयार कराकर गवाहों के फर्जी हस्ताक्षर बना दिए हैं। तलाकनामा पर गवाही देने वालों से उसने बात की तो उन्होंने ऐसे किसी तलाकनामा पर हस्ताक्षर करने से इंकार कर दिया। शिकायत पर पुलिस ने पीड़ित की बीवी, उसके पिता, मां और भाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।