बांदा। मंडल मुख्यालय शहर में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। बृहस्पतिवार को शाम दो बाइकों पर सवार चार युवकों ने पुलिस चौकी से चंद कदम दूर दो युवतियों को जबरन उठा लिया। कुछ दूरी पर एक को छोड़ दिया और दूसरी को सुनसान जगह ले जाकर दुराचार किया।
दोनों युवतियां कालूकुआं पुलिस चौकी पहुंची और सूचना दी। पुलिस ने एक आरोपी को तत्काल दबोच भी लिया, लेकिन पुलिस को कहना है कि फिलहाल युवतियों ने कोई तहरीर नहीं दी है। इसलिए रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। घटना की सत्यता जानने के लिए जांच की जा रही है।
गुरुवार की देर रात दो युवतियां घर की तरफ जा रही थीं। कालूकुआं पुलिस चौकी अंतर्गत ओवरब्रिज के पास दो बाइकों पर आए चार युवकों ने उन्हें पकड़ लिया। विरोध करने पर मारपीट भी की। एक को छोड़ दिया और दूसरी को उठा ले गए। उनके चंगुल से छूटने के बाद युवती कालूकुआं पुलिस चौकी पहुंची और सूचना दी। बताया कि उसके साथ दुराचार किया गया। चौकी पुलिस ने एक आरोपी को दबोच भी लिया।
युवतियों के मुताबिक घटना में आधा दर्जन से ज्यादा युवक शामिल थे। देर रात तक चौकी में युवतियां मौजूद रहीं और पुलिस पकड़े गए युवक से पूछताछ करती रही। यह भी पता चला कि शुक्रवार को दो और युवकों को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
उधर, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक एके सिंह ने बताया कि पुलिस को ऐसी कोई तहरीर फिलहाल नहीं मिली है। युवकों को हिरासत में लेने की बात को भी कोतवाली प्रभारी ने नहीं स्वीकारा। अलबत्ता कहा कि तहरीर मिलने पर जांच की जाएगी।