मोबाइल नंबर देने से मना करने पर शोहदे ने छात्रा को रास्ते में घेर लिया। पहले तो उसका हाथ पकड़ा फिर मारपीट की। पीड़िता ने थाना हाफिजगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीलीभीत की छात्रा एक गांव में अपने मामा के पास रहकर पढ़ाई कर रही है। कस्बा हाफिजगंज में रहने वाला विनोद कश्यप स्कूल आते-जाते छात्रा को रोक लेता है और मोबाइल नंबर मांगता है। इसे लेकर कई बार छात्रा उसे डांट भी चुकी है। सोमवार शाम करीब पांच बजे छात्रा अपनी सहेली के घर से मामा के घर लौट रही थी तो रास्ते में विनोद ने उसका हाथ पकड़कर रोक लिया। मोबाइल नंबर मांगा तो छात्रा ने मना कर दिया। इससे गुस्साए विनोद ने उसकी पिटाई कर दी। छात्रा के शोर मचाने पर लोग दौड़े तो वह भाग निकला। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।