बदायूं। स्टेट बैंक की मीटिंग में शामिल होकर घर लौट रहे युवकों से बाइक ओवरटेक कर बदमाशों ने तमंचे के बल पर लूटपाट की और फरार हो गए। घटना की तहरीर पीड़ित ने सिविल लाइंस थाने में दी है।
थाना उघैती का रहने वाला लोमश अपने साथी अवधेश के साथ शनिवार को बाइक से बिरूआवाड़ी स्थित मंदिर के पास स्टेट बैंक की बीसी मीटिंग में शामिल होने गया था। रात करीब आठ बजे मीटिंग समाप्त होने पर बाइक सवार दोनों युवक घर वापसी के लिए निकल पड़े। अवधेश ने बताया कि ऑफिस से कुछ दूरी पर बिजनौर मार्ग के कुरऊ मोड़ पर पहुुंचते ही बाइक सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक करते हुए बाइक की चाबी निकाली लीं। वह कुछ समझ पाते इससे पहले बदमाशों ने अवधेश और लोमश पर तमंचा तान दिया और जेब में रखी 20 हजार की नकदी, हाथ में पहनी अंगूठी, मोबाइल, चेक बुक, एटीएम, बैग में रखा लैपटॉप और हेलमेट लूट लिया। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश फरार हो गए। देर रात घटना की सूचना पुलिस को दी गई लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। रविवार को पीड़ित ने सिविल लाइंस थाने में तहरीर दी है। एसओ राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। उसी के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।