बरेली। मयूर वन चेतना बिहार मोड़ पर मजदूरी करने शहर आ रहे एक साइकिल सवार को टेंपो ने टक्कर मार दी। अस्पताल में मजदूर को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं बीते दिनों सड़क दुर्घटना में घायल दो व्यक्तियों ने भी अस्पताल में दम तोड़ दिया।
इज्जतनगर क्षेत्र में मयूर वन चेतना बिहार मोड़ पर बृहस्पतिवार सुबह एक तेज रफ्तार अनियंत्रित टेंपो ने एक साइकिल सवार युवक को टक्कर मार दी। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक भोजीपुरा के गांव सैदपुर चुन्नीलाल निवासी हसनैन बेग मजदूरी करते थे। मृतक के भाई इरशाद ने अज्ञात टेंपो चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं कोहाड़ापीर चौराहे के पास मंगलवार शाम सड़क दुर्घटना में घायल हुए एक रिक्शा चालक की बुधवार देर रात जिला अस्पताल में मौत हो गई। फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में सोमवार देर रात सड़क दुर्घटना में घायल हुए एक अज्ञात व्यक्ति की बुधवार देर रात मौत हो गई। शिनाख्त नहीं हो पाई है। ब्यूरो