बरेली। मोहल्ला बड़ी बाजार में शनिवार रात बिजली का जाना ग्रेजुएशन की एक छात्रा के लिए जानलेवा गया। परीक्षा की तैयारी के लिए उसने कुप्पी जलाई। इस दौरान कुप्पी कपड़ों पर गिर गई। जिससे छात्रा गंभीर रूप से झुलस गई। जिला अस्पताल में उसे भर्ती कराया गया है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
इज्जतनगर के मोहल्ला बड़ी बिहार निवासी छात्रा खातून (22) शनिवार रात परीक्षा की तैयारी कर रही थी। मंगलवार को उसकी उर्दू की परीक्षा होनी है। इस दौरान अचानक लाइट चली गई। पढ़ाई में विघ्न पड़ा तो छात्रा ने कुप्पी जलाई। कुप्पी लेकर वो किताब ढूंढने लगी, लेकिन इसी दौरान कुप्पी उसके कपड़ों पर गिर गई। गिरते ही कपड़ों ने आग पकड़ ली, जिससे छात्रा बुरी तरह झुलस गई। उसकी चीख चिल्लाहट सुनकर परिजन दौड़कर आए तो देखा कि खातून झुलसी हुई है। आनन-फानन में परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल आए। यहां उसका इलाज कराया जा रहा है। परिजनों के मुताबिक छात्रा की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं मंगलवार को उसकी परीक्षा भी है। ऐसे में सभी को चिंता खाए जा रही है कि कहीं छात्रा का एक साल बर्बाद न हो जाए।
परीक्षा के दिनों में भी बिजली गायब
बरेली। यूं तो बिजली का आना जाना लगा ही रहता है। लेकिन परीक्षा के टाइम छात्र-छात्राओं को इससे बड़ी परेशानी हो रही है। इन दिनों यूपी बोर्ड से लेकर स्नातक और परास्नातक तक के एग्जाम चल रहे हैं। ऐसे में छात्र -छात्राएं दिन रात पढ़ाई करने में जुटे हैं। इस समय बिजली की अनियमित सप्लाई उनकी पढ़ाई में बाधा बन रही है। छात्रा खातून भी इसी का शिकार हुई।