बरेली। लोकसभा चुनाव से पहले अवैध असलहा के अड्डों पर छापामारी के क्रम में एसटीएफ की बरेली इकाई ने एटा में छापामारी करके 71 तमंचों के साथ असलहा बनाने वाले को पकड़ा है। अवैध असलहा की सप्लाई पश्चिम उत्तर प्रदेश से लेकर राजस्थान और मध्यप्रदेश तक की जाती थी।
एटा जिला के कस्बा मिरहची में किराये के मकान में जरनैल सिंह के अवैध असलहा तैयार करने की सूचना एसटीएफ को मिली थी। कस्बा मिरहची में गंगापुर मोहल्ला में सोनू फौजी के नवनिर्मित मकान की घेराबंदी की गई। दबिश में घर के आंगन में अवैध शस्त्र बनाने के उपकरण, निर्मित और अर्द्धनिर्मित तमंचों की खेप मिली। इसी मकान से जरनैल सिंह को गिरफ्तार किया गया। उसने बताया कि अलीगढ़ का दीपक तमंचों का पीतल का फ्रेम सप्लाई करता है। वह पांच साल से तमंचे बनाकर राजस्थान, मध्यप्रदेश, पश्चिम उत्तर प्रदेश में सप्लाई करता है। उसके बनाए तमंचे दो से ढाई हजार के बीच में बिकते हैं। इससे पहले वह हाथरस में तमंचा बनाने का काम करता था। एक महीने पहले ही एटा में नया अड्डा बनाया था। एसटीएफ प्रभारी अजयपाल सिंह ने एटा के थाने में आरोपी को दाखिल किया है।