मीरगंज। गांव हेमराजपुर में सोमवार रात शौच करने खेतों की ओर गए युवक को कुछ लोगों ने पीठ में गोली मार दी। सूचना पर यूपी 100 मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल लेकर गई। सीओ जगमोहन सिंह बुटौला, एसएचओ अमर सिंह भी मौके पर पहुंच गए और घटना के बारे में जानकारी जुटाई। मामला प्रेमप्रसंग से जुड़ा हुआ है।
हेमराजपुर का 23 वर्षीय बांदूराम मौर्य सोमवार रात साढ़े आठ बजे घर से थोड़ी दूर स्थित खेत में शौच को गया था। वहीं पर हमलावरों ने पीछे से उस पर फायर किया। गोली उसके कंधे के नीचे पीठ में जा धंसी और वह घायल होकर खेत में ही गिर पड़ा। काफी देर तक न लौटने पर परिवार वाले उसे ढूंढते हुए खेत की ओर पहुंचे तो वह लहूलुहान पड़ा मिला। सूचना पर यूपी 100 कुछ ही देर में पहुंच गई और गंभीर हालत देख उसे लेकर सीधे जिला अस्पताल चली गई। जिला अस्पताल में बांदूराम ने गांव के ही तीन लोगों का नाम लिया। उसने बताया कि इनमें से एक की बेटी की शादी हो चुकी है। वह अपने पति को छोड़ आई तो पिता ने दूसरी जगह उसे ब्याह दिया। उसके पिता को शक है कि बेटी के उससे संबंध हैं। इस बात को लेकर वह पहले भी मारपीट करके पुलिस बुला चुका है। इसी रंजिश में उसे गोली मारी गई। वह आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट कराएगा।