सैलानी बाजार में चार खंभा के पास शुक्रवार रात दो ओवरलोड ट्रांसफार्मरों में विस्फोट के साथ आग लग गई। ट्रांसफार्मरों से जलते हुए तेल की बौछार दूर तक पहुंचने से पास ही स्थित दो मकान और तीन दुकानें भी आग की चपेट में आ गईं। आग की ऊंची लपटें दूर-दूर तक दिखीं तो पूरे इलाके में दहशत फैल गई और मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई। लोगों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन उसके ताप और बिजली के तारों की वजह से कामयाब नहीं हुए। फायर ब्रिगेड समय से नहीं पहुंची तो लोग भड़क गए।
ट्रांसफार्मरों में आग लगने की घटना रात करीब साढ़े आठ बजे हुई। लोगों का कहना था कि ट्रांसफार्मरों से जब पहली बार चिंगारियां निकलीं तो उन्होंने फौरन बिजली विभाग को सूचना दी। इस पर एक घंटे के लिए बिजली सप्लाई तो बंद कर दी गई, लेकिन मौके पर बिजली विभाग से कोई कर्मचारी जांच करने नहीं पहुंचा। दोबारा सप्लाई चालू की गई तो ट्रांसफार्मरों में धमाके के साथ आग लग गई। लोगों ने फौरन ही फायर ब्रिगेड को फोन किया। पहले तो फोन नहीं उठा, फिर सूचना दिए जाने के बाद भी फायर ब्रिगेड करीब 45 मिनट देरी से पहुंची। तब तक आग ने रईस मियां की बर्तन की दुकान, कासिफ की कपड़े की दुकान, शावेज की चप्पल की दुकान, ठेकेदार नदीम और नायाब खां के मकान को भी चपेट में ले लिया।
घनी आबादी वाले इलाके में आग इतनी ज्यादा भड़क चुकी थी कि फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां उस पर काबू पाने के लिए लगाई गईं। आग की लपटें देखकर इलाके के लोग ही नहीं फायर ब्रिगेड के कर्मचारी भी तनाव में आ गए। काफी देर बाद जब ट्रांसफार्मर और मकानों में लगी आग पर काबू पाने के बाद दमकल कर्मी राहत की सांस ले रहे थे, तभी मालूम हुआ कि एक और मकान में आग भड़की हुई है। इस पर सीढ़ी लगाकर दमकल कर्मी ऊपर चढ़े और आग बुझाई। इस दौरान पुलिस लोगों को अलग करती रही ताकि हादसा न हो जाए। आग लगने के बाद पूरा बाजार बंद कर दिया गया।
ट्रांसफर लगाने का विरोध, बोले- रास्ता जाम करेंगे
इस हादसे के बाद लोगों का कहना था कि वे अब बिजली विभाग को चौराहे पर दोबारा ट्रांसफार्मर नहीं लगाने देंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता नवाब मुजाहिद हसन खां ने पहले ही अपनी कोठी के पास ट्रांसफार्मर के लिए जगह का प्रस्ताव दिया था, लेकिन बिजली विभाग ने वहां ट्रांसफार्मर न लगाकर बाजार में लगाया। इससे हादसे की आशंका बनी रहती है। लोगों ने इसको लेकर रास्ता जाम करने की भी धमकी दी।
आईएमसी ने की मुआवजे की मांग
सैलानी पर ट्रांसफार्मर की आग से क्षतिग्रस्त हुई दुकानों और मकानों को मुआवजे की मांग आईएमसी ने की है। प्रवक्ता डा. नफीस खां ने कहा है कि इस मामले में बिजली कर्मियों लापरवाही है। दुकान और मकान मालिकों को मुआवजा दिया जाना चाहिए। साथ ही कहा है कि आईएमसी का एक शिष्टमंडल शनिवार को जिलाधिकारी से मिलकर इस मामले में ज्ञापन भी देगा।
जब पास की के साथ में शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे आग भड़क गई। ट्रांसफार्मर के तेल के रिसाव की वजह से आग की ऊंची लपटे कई किमी दूर से देखी गई। बचाव कार्य में देरी से आग ने दो मकान और तीन दुकान को अपनी जद में लिया। लोगों ने बचाव करना चाहा लेकिन ताप और बिजली के तारों की वजह से कामयाब नहीं हुए। वहीं लोगों में इस बाबत भी गुस्सा नजर आया कि बारादरी थाने की पुलिस तो मौके पर समय पर पहुंची, लेकिन फायर ब्रिगेड की गाड़ी मदद को नहीं पहुंची।