बरेली। मैंगो शेक पीकर एक परिवार की छह लोगों की तबियत खराब हो गई। रिश्तेदारों ने पूरे परिवार को रामपुर गार्डल स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। प्रेमनगर क्षेत्र में हार्टमन स्कूल के पास कबीर वाटिका निवासी आलोक शर्मा का प्रिंटिंग प्रेस का काम है। आलोक के मुताबिक शनिवार शाम को घर के पास स्थित एक डेयरी से दूध लाकर घर में मैंगो शेक बनाया था। उसे पीने के बाद पूरे परिवार की तबियत बिगड़ने लगी। शनिवार रात में उनके पिता कृष्ण गोपाल की हालत बिगड़ी तो उन्हें दवा दिलाई गई लेकिन हालात में कोई सुधार नहीं आया। सुबह का इंतजार किया तो पूरे परिवार की तबियत खराब हो गई। फोन करके एक रिश्तेदार को बुलाकर वह परिवार के साथ अस्पताल पहुंचे। यहां उनके साथ पिता, मां विमला शर्मा, पत्नी विनीता और दोनों बच्चे माधव और किंजल को भर्ती कर लिया गया। अब उनकी हालत में सुधार है।