बरेली। भमोरा क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति की शनिवार रात चौपुला ओवरब्रिज के नीचे ट्रेन से कटकर मौत हो गई। उसकी गर्दन अलग कटी पड़ी थी। सुबह शव की पहचान के बाद परिवार को सूचना देकर बुलाया गया। भमोरा के घिलौरा गांव निवासी 55 वर्षीय वीरपाल शहर में रहकर रिक्शा चलाते थे। वह कई-कई दिन बाद घर जाते थे। शनिवार रात किसी वक्त ट्रेन से कटकर उनकी मौत हो गई। शव चौपुला ओवरब्रिज के नीचे रेलवे लाइन पर इस तरह पड़ा मिला जैसे उन्होंने खुद पटरी पर लेटकर आत्महत्या की हो। सुबह सूचना पर सुभाष नगर पुलिस ने शव का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम कराया। गांव से बेटा प्रमोद व अन्य लोग आ गए। आत्महत्या या हादसे की वजह परिवार के लोग नहीं बता सके। ब्यूरो