बरेली। जीआरपी ने पीएनआर नंबर के आधार पर एसी टेक्नीशियन को पीटने वाले यात्रियों की खोजबीन शुरू कर दी है। शुक्रवार को जीआरपी ने रिजर्वेशन आफिस से सियालदह एक्सप्रेस के बी-1 कोच की लिस्ट निकलवाई। पीएनआर की डिटेल के साथ यात्रियों की तलाश शुरू कर दी। संदिग्ध यात्रियों को शिनाख्त के लिए टेक्नीशियन मातांबर के सामने पेश किया जाएगा। वहीं, उत्तर रेलवे मजदूर यूनियन ने एसी अनुभाग के सीनियर सेक्शन इंजीनियर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। यूनियन की बैठक में शाखा सचिव पंकज सक्सेना ने कहा कि सीनियर सेक्शन इंजीनियर नावेद खां के गैर जिम्मेदाराना रवैया से एसी टेक्नीशियन स्टाफ में रोष है। ऐसे अधिकारी को बरेली में रहने का हक नहीं है। उन्होंने यूनियन के मंडल सचिव को ज्ञापन दिया। बैठक में आशीष सक्सेना, दीपक मिश्रा, श्याम सिंह आदि उपस्थित थे। गौरतलब है कि 27 जून को कोलकाता जम्मूतवी एक्सप्रेस का एसी खराब होने से यात्रियों ने टेक्नीशियन को जमकर पीटा था और ट्रेन चलने पर प्लेटफॉर्म पर फेंक दिया था।