बरेली। बहन के साथ अभद्रता का विरोध करने पर दबंगों ने मजदूर पर गोली चलाकर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की तो पीड़ित ने एसएसपी से शिकायत की, जिसके बाद थाना कैंट में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।
बिथरी चैनपुर के गांव परसौना निवासी आसिफ के मुताबिक करीब दो माह पहले गांव के ही राजा ने उनकी बहन को बाजार में रोककर अभद्रता की थी। उन्होंने इसका विरोध किया तो हाथापाई होने लगी लेकिन गांव वालों ने बीच बचाव कर दिया। आसिफ का आरोप है कि इसके बाद से राजा रंजिश मानने लगा। 30 मई को राजा ने उसे कैंट क्षेत्र में कठपुला पुल के पास अपने पिता के साथ घेर लिया और गोली चला दी। गोली उसके हाथ में लगकर निकल गई। इसकी शिकायत उन्होंने कैंट पुलिस से की तो मामले को झूठा बताकर थाने से भगा दिया। इसके बाद शुक्रवार को वह एसएसपी से मिले।