बरेली/ बिशारतगंज। रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति की लाश मिलने के चार दिनों बाद हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। इसमें बिशारतगंज थाने में खुदकुशी करने वाले रामवीर सिंह को नामजद करते हुए दो लोगों को शामिल किया गया है। हालांकि, अभी रामवीर की खुदकुशी मामले में कोई लिखा पढ़ी नहीं की गई है।
18 जून को बिशारतगंज थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर एक युवक की लाश मिली थी। उसकी धारदार हथियार से हत्या की गई थी। हत्या के शक में 20 जून को बदायूं के हजरतपुर थाना क्षेत्र के चंगासी गांव निवासी रामवीर सिंह को पूछताछ के लिए बिशारतगंज थाने लाया गया था। जहां पूछताछ के दौरान रमवीर ने पुलिस और परिवार वालों के सामने हत्या की बात कबूल भी कर ली थी। पुलिस उसे जेल भेजती इससे पहले रविवार सुबह पौने सात बजे रामवीर ने बिशारतगंज थाना परिसर स्थित शौचालय में गमछे के सहारे फंदे पर लटककर जान दे दी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग की बात सामने आई थी।
जिस युवक की ट्रैक पर लाश मिली थी, उसके भाई की तहरीर पर रविवार रात बिशारतगंज थाने में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। रिपोर्ट के मुताबिक रामवीर ने अपने साथियों संग मिलकर युवक की हत्या की थी। पुलिस के मुताबिक रामवीर के युवक की पत्नी से अवैध संबंध थे। दोनों रिश्तेदार थे और दोनों के बीच फोन पर बात होती थी। युवक को इसका पता लगने पर दोनों के बीच मनमुटाव हो गया था। इसी के चलते उसकी रामवीर ने हत्या कर दी। पुलिस रामवीर के थाने में आत्महत्या करने की बात स्वीकार रही है, लेकिन इस मामले में सोमवार देर शाम तक कोई लिखा पढ़ी नहीं की कई। ब्यूरो