सीबीगंज। दो दिन पहले लापता हुई मानसिक मंदित किशोरी अपने घर वापस पहुंच गई। इसी मामले में दो संदिग्ध लोगों हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। गुरुवार को चंद्रपुर जोगियान गांव निवासी 12 वर्षीय मानसिक मंदित किशोरी दोपहर में घर से कहीं चली गई थी। जब वह काफी देर तक घर नहीं लौटी तो परिजन उसे ढूंढने निकले। गांव के ही कुछ लोगों ने बताया कि लड़की को दो लोग साइकिल पर बैठाकर ले जा रहे थे। घबराए परिजन थाने पहुंचे और अज्ञात लोगों के खिलाफ लड़की के अपहरण की रिपोर्ट लिखा दी। शुक्रवार रात लड़की घर पहुंच गई। थाने पहुंचे परिवार का कहना है कि लड़की घूमते हुए घुमंतू लोगों के पीछे उनके डेरे पर चली गई थी। घुमंतू परिवार की ही एक महिला थाने पहुंची और कहा कि वह लोग अपने बच्चों को सही से नहीं पाल पाते तो दूसरों के बच्चों का अपहरण कर क्या करेंगे। इंस्पेक्टर ने बताया कि शक के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। किशोरी को मेडिकल के लिए भिजवाया गया है। उसकी रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।