बरेली। आरपीएफ ने दुर्गियाना एक्सप्रेस में चेन पुलिंग करने के आरोप में एक यात्री को जेल भेज दिया। मुरादाबाद के मुकेश कुमार अमृतसर- कोलकाता-दुर्गियाना एक्सप्रेस से बरेली आ रहे थे। ट्रेन का तीन महीने पहले ही जंक्शन पर ठहराव शुरू हुआ है। कोच में यात्रियों ने बताया कि ट्रेन जंक्शन पर नहीं रुकती है। इसके बाद वह घबरा गए। सुभाषनगर पुलिया के पास उन्होंने चेन पुलिंग करके ट्रेन रोक दी। पुलिया पर उस समय आरपीएफ सिपाही नरेंद्र और नवीन गस्त कर रहे थे। ट्रेन रुकने पर केवल मुकेश ही उतरे। दोनों सिपाहियों ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। जंक्शन के आरपीएफ इंस्पेक्टर बीएस तोमर ने बताया कि मुकेश को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया जहां उसे जेल भेज दिया गया।