बरेली/बदायूं। बदायूं में रेलवे ट्रैक के पास मिली लाश बरेली के युवक की निकली।
32 वर्षीय राजकुमार बरेली के सुभाष नगर थाना क्षेत्र के नेकपुर मोहल्ला निवासी था। उसके पिता रघुवीर बदायूं पुलिस लाइन में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थे। पिता बीते साल रिटायर हो गए और नेकपुर मोहल्ले में जाकर रहने लगे लेकिन राजकुमार अपनी पत्नी निशा, बेटी रागिनी और तमन्ना के साथ मिशन कंपाउंड स्थित आवास में रह रहा था। राजकुमार बदायूं शहर की मधुवन कॉलोनी में स्थित एक स्कूल में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी था। परिवार वालों के मुताबिक राजकुमार शनिवार रात बरेली जाने की बात कहकर घर से निकला था। उसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चला। रविवार सुबह नगला शर्की गांव के पास रेलवे ट्रैक पर उसकी लाश पड़ी मिली। उसके सिर में गोली मारी गई थी। सोमवार रात परिवार वालों को पता चला कि रेलवे ट्रैक पर एक युवक की लाश मिली है। मंगलवार को परिवार वाले पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और उन्होंने शव की शिनाख्त की। फिलहाल परिवार वालों ने कुछ लोगों पर हत्या की आशंका जताई है। अभी उन्होंने किसी के खिलाफ तहरीर नहीं दी है। ब्यूरो