बरेली/ नवाबगंज। करोड़ों की जमीन पर कब्जे को लेकर नवाबगंज नगर पालिका चेयरमैन शहला ताहिर और प्रापर्टी डीलर अमीर हसन के बीच छिड़ा विवाद गहराता जा रहा है। शनिवार को नगर पालिका के सफाई कर्मचारी अमर सिंह राठौर ने प्रापर्टी डीलर अमीर हसन, उनकी दोनों पत्नी, व्यापारी मोहित कपूर और मां समेत नौ लोगों को नामजद करते हुए 19 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर्राई है।
नवाबगंज में बिजौरिया रोड जीजीआईसी के सामने साढ़े दस बीघा जमीन को लेकर विवाद है। वर्षों पहले यह जमीन स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कन्हई लाल कपूर को लीज पर मिली थी। उनके बाद जमीन उनकी पुत्रवधु निधि कपूर, पोता मोहित कपूर और पोती नेहा कपूर के नाम दर्ज हो गई थी, जिस पर प्रापर्टी डीलर अमीर हसन खेती करते हैं। 12 जून को नगर पालिका टीम इस जमीन परे कब्जा हटवाने गई तो मारपीट हो गई। नवाबगंज थाने में भी मारपीट हुई तो अगले दिन दो मुकदमे दर्ज हुए। पहला मुकदमा दरोगा मेवाराम ने चेयरमैन शहला ताहिर, उनके पति डॉ. मोहम्मद ताहिर, भतीजे ताहिर, समर्थक खुर्शीद अहमद, सभासद लल्लू उर्फ राजीव और नईम समेत 15 लोगों के खिलाफ लिखाया। दूसरा प्रापर्टी डीलर अमीर हसन की पत्नी शहनाज बेगम ने चेयरमैन शहला ताहिर, उनके पति डॉ. मोहम्मद ताहिर समेत 15-16 अज्ञात पर दर्ज कराया। वहीं, तीसरी मुकदमा शनिवार को सफाई कर्मचारी अमर सिंह राठौर ने मोहल्ला कुरेशनगर निवासी हाजी अमीर हसन, उनकी दोनों पत्नी, साले, नवी हसन, अलीम, व्यापारी मोहित कपूर और दस अज्ञात के खिलाफ लिखाया। आरोप है कि वे लोग नगरपालिका की जमीन कब्जा करने की नीयत से ट्रैक्टर से जुताई कर रहे थे। मना करने पर हमलावर हो गए। पालिका कर्मी अर्जुन सिंह बाल्मीकि पर फायर करके टीम पर पथराव किया। दो महिला कर्मियों से अश्लील हरकतें कर कपड़े फाड़ दिए। बता दें कि शुक्रवार नवाबगंज की चेयरमैन शहला ताहिर ने एडीजी से मुलाकात कर उत्पीड़न का आरोप लगाया था।
नवाबगंज इंस्पेक्टर के खिलाफ जांच शुरू
बरेली। जमीन पर कब्जे को लेकर हुए इस विवाद में जांच शुरू हो गई है। शनिवार को एडीजी और एसपी देहात कार्यालय से अलग-अलग टीमें जांच को पहुंची। दोनों टीमों ने अलग-अलग समय नगर पालिका के सभासदों और कुछ अन्य लोगों से पूछताछ की। विवादित जमीन का मुआयना भी किया।