भुता/बरेली। भुता थाना क्षेत्र में खेत पर पिता को खाना देने गई किशोरी को गोली लगने का मामला प्रेमप्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। चर्चा है कि किशोरी को प्रेमी के साथ देख भाई ने दोनों को मारने के लिहाज से गोली चलाई, पर प्रेमी मौका देखकर निकल गया। बताया जाता है कि पुलिस ने प्रेमी को पकड़कर किसी गुप्त स्थान पर रखा है। एक ही बिरादरी के दोनों पक्ष होने के चलते शादी का का प्रयास चल रहा है।
गोली लगने के बाद किशोरी के परिवार की ओर से यही भ्रम फैलाया गया कि गोली शिकारियों ने मारी है। मगर गांव में दूसरी ही चर्चा थी। गांव वालों के मुताबिक किशोरी की ममेरी बहन की शादी क्षेत्र के ही एक गांव में हुई है। किशोरी वहां आती-जाती थी। वहीं के एक सजातीय युवक से उसका प्रेमप्रसंग हो गया। लड़का भी अक्सर उसके गांव आ जाता था। दोनों की मुलाकात पर परिवार की भी नजर थी। इसे लेकर लड़की से नाराजगी भी जताई गई, पर वह नहीं मानी। इसी नाराजगी के चलते यह घटना हुई। घटना के बाद लड़की का परिवार बैकफुट पर है। वहीं, पुलिस के लड़के को पकड़कर पूछताछ कर रही है, जिससे उसका परिवार भी दबाव में है। वहीं, कुछ रिश्तेदार मध्यस्थता में जुट गए हैं। दोनों सजातीय होने के चलते फैसला कराकर शादी की बात चल रही है। पुलिस भी सेटिंग कराने में जुटी है, जानलेवा हमले के मामले से पीछा छूट जाए।