बरेली। एक ग्राहक के अकाउंट से बिना शॉपिंग किए ही पांच बार में करीब 24 हजार रुपये निकल गए। उन्होंने कस्टमर केयर पर मालूम किया तो वहां पूरा विवरण उपलब्ध था। उपभोक्ता बैंक गया तो वहां भी मदद नहीं मिली। पीड़ित ने थाना बारादरी में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रामपुर बाग के अनिल कुमार वैश्य ने स्टेट बैंक की प्रतिनिधि से सितंबर 2018 में क्रेडिट कार्ड लिया था। कार्ड आने के बाद फरवरी 2019 तक खरीदारी की। पांच मार्च को रुपये जमा करने के बाद से कोई खरीदारी नहीं की और न ही कोई लेनदेन किया। दस मई को बैंक से फोन आया कि तीन ट्रांजेक्शन हुए हैं। यह सुनने के बाद उन्होंने क्रेडिट कार्ड ब्लॉक कर दिया। अगले दिन स्टेट बैंक पहुंचकर विवरण लिया तो पता चला कि पांच बार में करीब 24 हजार रुपये की खरीदारी हो चुकी है। यह खरीदारी 20 अप्रैल से नौ मई के बीच पांच बार में हुई। इस संबंध में उन्होंने स्टेट बैंक के आला अधिकारियों को भी सूचना दी है। अनिल कुमार ने थाना बारादरी में रिपोर्ट दर्ज कराई है। ब्यूरो