ईसानगर। थाना क्षेत्र के एक गांव में दो दिन पहले सामूहिक दुष्कर्म की शिकार हुई युवती पर अब दूसरी विपदा टूट पड़ी है। उसकी शादी 25 जून को होना तय हुई थी, मगर घटना का पता चलते ही लड़के वालों ने रिश्ता तोड़ दिया है। इस बीच पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, दूसरे की तलाश की जा रही है।
थाना तंबौर (सीतापुर) के गांव चंदपुरवा के रहने वाले युवक श्यामू और किशोर बुधवार को कुछ ही दूर ईसानगर में पड़ने वाले गांव में रिश्तेदारी में आए थे। दोनों युवकों ने उस गांव में एक वृद्ध व्यक्ति को शराब पिलाकर बेसुध कर दिया और फिर उसकी धेवती से सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने युवती के मामा की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ बृहस्पतिवार को रिपोर्ट दर्ज की थी। आरोपी श्यामू को गिरफ्तार कर लिया गया। प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि अदालत ने उसे जेल भेज दिया है। उन्होंने बताया कि पीड़ित युवती की मेडिकल रिपोर्ट अभी नहीं आई है।
इधर, इस घटना का वज्रपात युवती पर हो गया है। युवती की शादी आरोपियों के गांव के ही एक युवक से तय हुई थी, विवाह 25 जून को होना तय हुआ था। अब जब सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश दी तो वर पक्ष को घटना का पता चल गया। वर पक्ष और आरोपी रिश्तेदार भी बताए जाते हैं। मामला पता चलने के बाद लड़के वालों ने फोन करके शादी से इंकार कर दिया। शादी की तैयारियां भी पूरी हो चुकी थीं, मगर रिश्ता टूटने से खुशियां गम में तब्दील हो गई हैं।