जलालाबाद (शाहजहांपुर)। सपा नेता व जिला पंचायत सदस्य बृजेंद्र यादव के पुत्र विपिन यादव (40) का शव बुधवार शाम गांव एलमनगर कटरिया के पास खेत में पड़ा मिला। घरवालों ने बेटे की हत्या की आशंका जाहिर की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामला सपा नेता से जुड़ा होने की वजह से कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।
नगर के मोहल्ला प्रतापनगर निवासी बृजेंद्र यादव के चार पुत्रों में विपिन सबसे बड़े थे। बुधवार सुबह करीब नौ बजे दो लोग उनके घर पहुंचे और उन्हें साथ लेकर चले गए। शाम करीब चार बजे एलमनगर कटरिया व कुशवाहा की मड़ैया के बीच भिंडी के खेत में ग्रामीणों ने शव पड़ा देखा। शिनाख्त होने पर जानकारी पुलिस व बृजेंद्र यादव को दी गई। काफी देर जांच पड़ताल के बाद भी पुलिस को घटना के बारे में कोई जानकारी हाथ नहीं लग सकी।
एसपी डॉ.एस चन्नप्पा, एएसपी ग्रामीण सुभाषचंद्र शाक्य और कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचे। अभी इस मामले में कोई तहरीर नही दी गई है। एसडीएम सुरेंद्र कुमार, पूर्व सांसद मिथिलेश, चेयरमैन मनेंद्र बाबू, श्यामबाबू सिंह, ब्रह्म कुमार दीक्षित समेत कई लोग कोतवाली पहुंचे और बृजेंद्र यादव से घटना की जानकारी ली।
अभी परिवार के लोगों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने व तहरीर मिलने पर मामले में गहराई से जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. एस चन्नप्पा, एसपी