सिरौली (बरेली)। लाइनमैन के उकसाने पर उससे मोबाइल पर बात करते हुए पोल पर चढ़कर लाइन सही करने वाले युवक की करंट से मौत हो गई। उसकी कॉल रिकॉर्डिंग सुनकर भड़के ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए बिसौली रोड पर जाम लगा दिया। इसमें सैकड़ों वाहन फंस गए। ग्रामीण सिंचाई मंत्री को बुलाने पर अड़े थे। एसडीएम और सीओ ने समझाबुझाकर जाम खुलवाया।
नवाबपुरा गांव निवासी 25 वर्षीय किसान गजराज मौर्य के नलकूप पर बिजली नहीं आ रही थी। उनकी मेंथा की फसल सूख रही थी। गजराज ने सोमवार सुबह छह बजे अपने इलाके के संविदा लाइनमैन प्रमोद मौर्य को फोन कर समस्या बताई। बताया कि नलकूप के पास पोल पर उसे झंपर टूटा दिख रहा है। तब प्रमोद ने उससे कहा कि वह शटडाउन दे रहा है, वह खुद पोल पर चढ़कर झंपर जोड़ ले। प्रमोद से मोबाइल पर बात करते हुए ही गजराज पोल पर चढ़ गया। जैसे ही उसने तार पकड़ा, उसे हाईटेंशन लाइन का तेज करंट लगा। इससे वह नीचे आ गिरा। तभी उसका भाई नन्हे खेत पर गया। देखा कि गजराज बुरी तरह झुलसा पड़ा है। वह उसे डाक्टर के यहां लाया। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताते हैं कि उसकी जेब में रखा फोन चालू था। इस पर लाइनमैन प्रमोद मौर्य दूसरी ओर से बोल रहा था। मोबाइल की रिकॉर्डिंग से पता चला कि उसने पोल पर चढ़ाकर जानबूझकर धोखा दिया। बस यहीं से ग्रामीणों का पारा चढ़ गया और देखते देखते सैकड़ों लोग एकत्र हो गए। शव को सिरौली-बिसौली मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया और बिजली विभाग के खिलाफ जबर्दस्त नारेबाजी कर गुस्से का इजहार किया। ग्रामीणों के सख्त रुख को भांपकर सकते में आई नवाबपुरा चौकी पुलिस ने अफसरों को जानकारी दी। इस पर एसडीएम सीओ समेत आंवला सर्किल के थानों की पुलिस आ गई। छह घंटे बाद शव पोस्टमार्टम को भेजा गया। उधर, लाइनमैन प्रमोद और रुपेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। इस संबंध में एसडीएम आंवला विशु राजा ने कहा कि मृतक के परिवार को शासन से मदद दिलाई जाएगी।
परिजन की तहरीर पर संविदा लाइनमैन रुपेंद्र और प्रमोद कुमार के खिलाफ गैर इरादतन हत्या रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
- सूपेंद्र सिंह मलिक, कार्यवाहक कोतवाल सिरौली