बरेली। नवाबगंज कस्बे में पुलिस की मदद से मकान में तोड़फोड़ के मामले में एसएसपी का आदेश ही गायब हो गया। दो दिन बीतने पर भी यह सीओ तक नहीं पहुंचा। वहीं, आरोपी महिला ने एसएसपी के दफ्तर में आकर उन्हें सफाई दी।
नवाबगंज में भारतीय स्टेट बैंक के सामने रहने वाले अभिषेक गुप्ता ने सोमवार को एसएसपी मुनिराज जी. से मिले थे। उन्होंने बताया, माता-पिता की मौत हो चुकी है और वह रिश्ते के ताऊ के घर में रह रहा है। बताया कि उनके पिता की एक महिला के साथ मित्रता थी। पिता की मौत के बाद वह महिला ताऊ के मकान पर कब्जे की कोशिश कर रही है। खुद को मेरे पिता की दूसरी पत्नी बता रही है। आरोप लगाया कि महिला ने पुलिस से सांठगांठ कर उनके ताऊ के मकान में तोड़फोड़ की। इसका वीडियो भी एसएसपी को दिखाया। आरोप लगाया कि तोड़फोड़ के दौरान इंस्पेक्टर ने यह कार्रवाई एसएसपी के आदेश पर करने की बात कही। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने जांच सीओ नवाबगंज जगमोहन सिंह बुटोला को सौंपने के निर्देश दिए। मगर मंगलवार शाम तक सीओ ने जांच के निर्देश न मिलने की बात कही। कहा, आदेश मिलते ही पुलिस की भूमिका और घटना की जांच करेंगे। वही,ं मंगलवार को महिला ने एसएसपी को बताया कि वह युवक के पिता की दूसरी पत्नी है। उसे जायदाद से बेदखल किया जा रहा है।