आंवला। कोतवाली इलाके के अजुध्या गांव में मंगलवार को घर के बरामदे में इंटर की एक छात्रा का शव लटका मिला। परिवार वालों ने गांव में रिश्तेदारी में आए एक युवक पर छेड़खानी के बाद हत्या का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हैंगिंग बताई गई है। पेट में केरोसिन भी मिला है। जो छात्रा ने या तो खुद पिया या उसे जबरन पिलाया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अजुध्या में 16 वर्षीय एक छात्रा इंटरमीडिएट की छात्रा थी। पिता के अनुसार सोमवार को वह मुकदमे की तारीख पर गए थे। पत्नी कस्बे में रिश्तेदारी में थीं और छोटा बेटा गांव में एक दुकान पर गया था। उन्होंने बताया कि शाम को वापस आने पर उनके बेटे ने बताया कि दोपहर में पशुशाला में जाने के दौरान उनकी बेटी से गांव में अपनी दादी के घर रहने आए युवक ने कोई हरकत कर दी। इसके बाद से बेटा अपनी बहन की तलाश कर रहा था। उन्होंने बताया कि वे दोनों जब घर पहुंचे तो छात्रा की लाश बरामदे में पंखे से लटक रही थी। उनका आरोप है कि शिकायत के डर से युवक ने उनकी बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी और शव लटका दिया। कोतवाल सुनील कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।