उसावां (बदायूं)। नगर के वार्ड नौ निवासी ट्रक चालक की प्रयागराज में करंट लगने से मौत हो गई। इससे चालक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। चालक भगवान दास उर्फ बड़े (36) पुत्र रामपाल पाली बरेली में एक ट्रक पर ड्राइवर था। परिवार वालों ने बताया कि भगवान दास 18 मई को बरेली गए थे। 20 मई को उनके ट्रक में देसी शराब लोड हुई थी। उसके बाद रामपुर से प्रयागराज को रवाना हुए थे। रास्ते में प्रयागराज से पहले एक ढाबा पर रात्रि में ट्रक खड़ा किया और खाना खाकर ट्रक के ऊपर सोने के लिए चढ़े, तभी ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक मालिक ने 14 घंटे बाद परिवार वालों को इसकी सूचना दी थी। इस पर परिवार वाले प्रयागराज रवाना हो गए। चालक के चार छोटे छोटे बच्चे हैं। बड़ी बेटी संध्या (15), गौरा देवी (12), देवेंद्र (8) और सौरभ (7), पत्नी मिथला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।