भोजीपुरा/देवरनिया।
नैनीताल हाईवे पर आटामांडा रेलवे स्टेशन के सामने एक भारी वाहन की साइड लगने से बाइक खड़े कंटेनर से टकरा गई। दुर्घटना में बाइक चला रहे अली हुसैन (52 साल) की मौके पर मौत हो गई। हादसे में बाइक पर बैठी विवाहित बेटी नसरीन (25 साल) और बेटा नासिर (20 साल) गंभीर रुप से घायल हो गए। पुलिस ने शव एसआरएमएस की मोर्चरी में रखवा दिया है। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार देर रात नासिर ने भी दम तोड़ दिया।
अली हुसैन निवासी गांव थानो वरनिया सोमवार शाम को शहर से गांव की तरफ लौट रहे थे। उनके साथ विवाहित बेटी नसरीन और बेटा नासिर बाइक पर बैठे थे। करीब साढ़े चार बजे नैनीताल मार्ग पर आटामांडा रेलवे स्टेशन के सामने किसी वाहन ने पीछे से बाइक में साइड मार दी, जिसके बाद बाइक रोड किनारे खड़े कंटेनर में जाकर टकरा गई। हादसे में बाइक चला रहे अली हुसैन की मौके पर ही मौत हो गई। पुत्र और पुत्री गंभीर रुप से घायल हो गए।
ट्रिपलिंग और हेलमेट भी नहीं लगाया
भोजीपुरा थाने के प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि अगर अली हुसैन हेलमेट लगाए होते तो जान बचने के आसार हो सकते थे। वहीं वह ट्रिपलिंग में बाइक चला रहे थे। यही वजह है कि वाहन की साइड लगने के बाद बाइक अनियंत्रित हो गई।