शाहजहांपुर/बरेली। जंक्शन के मुरादाबाद एंड यार्ड पर शंटिंग कर रहा इंजन पटरी से उतर गया और इसके बाद डाउन लाइन पर रेल यातायात बाधित हो गया है। शाम सात बजे हुई इस घटना से मुरादाबाद डिविजन में हड़कंप मच गया। एडीआरएम ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं। इस इंजन को रात 9.05 बजे बरेली-बांदीकुई पैसेंजर ट्रेन को लेकर जाना था। बताया जा रहा है कि गर्मी से पटरियों के फैलने से यह हादसा हुआ। स्टेशन अधीक्षक सत्यवीर सिंह ने प्रथम दृष्टया प्वाइंट मैन को हादसे के लिए दोषी माना है।
बरेली में डिरेलमेंट की सूचना मिलते ही शाहजहांपुर एआरटी ने खतरे का सायरन दिया। एआरटी प्रभारी शिशिर कुमार, सीएनडब्ल्यू इंचार्ज डीके अमन के साथ रेलवे की 40 सदस्यीय टीम को जुटने में कुछ ही मिनट लगे। आनन-फानन में शाहजहांपुर से दुर्घटना राहत ट्रेन को बरेली रवाना कर दिया गया। एआरटी की रफ्तार को कहीं ब्रेक न लगे, इसके लिए पहले से ग्रीन सिग्नल तैयार रखे गए।