शाहजहांपुर में ट्रेन की चपेट में आई महिला की मौत
उचौलिया। कस्बा निवासी ओंकारनाथ रस्तोगी की पत्नी 60 वर्षीय रामा की शाहजहांपुर के रोजा जंक्शन पर सुपरफास्ट ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गयी। हादसे के समय वह घर वालों के साथ ट्रैक के किनारे से गुजर रही थीं।
उचौलिया निवासी ओंकारनाथ रस्तोगी और उनकी पत्नी रामा शनिवार को रिश्तेदारी में लखनऊ गये थे। वहां उनकी दोनो बेटियां रहती हैं और रामा का मायका भी है। भाई के यहां गृह प्रवेश का उत्सव था। सोमवार सुबह ओंकारनाथ पत्नी रामा, बेटी अमिता और तीन नाती-नातिन को लेकर लखनऊ से सुबह करीब दस बजे रोजा जंक्शन पहुंचे। उचौलिया जाने के लिये रेल ट्रैक के किनारे से रोजा बस अड्डा जाते समय लखनऊ से बरेली जा रही सुपरफास्ट ट्रेन की चपेट में आकर रामा देवी की मौत हो गई। हादसे की खबर जब उचौलिया पहुंची तो दोनो बेटे अरुण और आलोक बेसुध हो गए। रामा देवी की दो बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। उनकी मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है।