लखीमपुर खीरी। चोरी के मामले में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराने से नाराज दंपति ने अपने सात अन्य लोगों के साथ गांव राजापुर नया निवासी दिलीप पांडेय को रविवार की रात घेर लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने जान से मार देने की नीयत से दो फायर किए और नकदी-सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। सदर कोतवाली पुलिस ने दंपति समेत तीन को नामजद कर छह अन्य के खिलाफ मारपीट, लूटपाट समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शहर से सटे गांव राजापुर नया निवासी दिलीप पांडेय ने बताया कि उनके पड़ोसी मनोज और उनकी पत्नी उनसे रंजिश मानती हैं। दो दिन पूर्व उसके बंद मकान की खिड़की की ग्रिल उखाड़कर अंदर घुसे चोर तीन लाख का सामान बटोर ले गए थे। उसने मनोज और उनकी पत्नी अनीता के खिलाफ सदर कोतवाली में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इससे दंपति नाराज थे। उन्होंने बताया कि रविवार की रात करीब 11 बजे वह अपने साथी सरस्वती प्रसाद शुक्ला और मोहन शुक्ला के साथ घर जा रहे थे। घर से करीब 200 मीटर पहले मनोज, अनीता ने रामकिशन और छह अन्य अज्ञात लोगों ने उसे रोक लिया और पिटाई शुरू कर दी। जान से मारने की नीयत से उस पर दो फायर किए, लेकिन वह बच गया। हमलावर सोने की चेन और जेब में रखे 2565 रुपये लूट लिए। उसने घटना की जानकारी यूपी 100 को दी, जिस पर मौके पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस के आने पर आरोपी फरार हो गए।
एसएसआई केपी गौैड़ ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पीड़ित को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।