लखीमपुर खीरी। खीरी पुलिस ने जहां लंबे अर्से से हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी समीर खां को गिरफ्तार कर लिया वहीं धौरहरा पुलिस ने भी लूट और गोहत्या के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को दबोच लिया। दोनों आरोपियों पर एसपी ने ढाई-ढाई हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
थाना खीरी एसओ आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया कि इसी थाना क्षेत्र के गांव परसरा निवासी एक युवक का अपहरण हो गया था, जिसका शव गांव राजापुर के पास बरामद हुआ था। इस मामले में सदर कोतवाली के गांव लाहौरनगर निवासी सगीर खां उर्फ समीर खां फरार चल रहा था। एसपी ने उस पर ढाई हजार रुपये का ईनाम घोषित किया था। एसओ ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को गिरफ्तार कर चालान भेज दिया है।
धौरहरा। कोतवाली क्षेत्र के गांव सेखनपुरवा निवासी लतीफ वर्ष 2014 से लूट, राहजनी, गोहत्या और पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहा था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सेखनपुरवा-बहराइच मार्ग पर पैठ बाजार के पास से आरोपी लतीफ को गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने इस पर ढाई हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया था।