कांवड़ियों भंडारे के लिए लगाए गए शिविर में पहुंचे दो उचक्के दानपात्र लेकर भाग खड़े हुए। यह देख लोगों ने शोर मचाया तो कांवड़ियों ने उन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया। जमकर पिटाई की और फिर बारादरी पुलिस को सौंप दिया। थाने में उचक्के बोले कि कांवड़ियों ने उनकी बहुत पिटाई लगाई है।
संजयनगर में विनोद कुमार भारद्वाज ने कुछ लोगों के साथ मिलकर कांवड़ियों के भोजन के लिए भंडारे का आयोजन किया था। बृहस्पतिवार सुबह अचानक ही वहां पहुंचे दो उचक्के शिविर में रखा दानपात्र लेकर भागने लगे। भंडारे में मौजूद लोगों ने शोर मचा दिया। इसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने कांवड़ियों की मदद से पीछा करके दोनों को पकड़ लिया और जमकर पिटाई की। इसके बाद लोग दोनों को लेकर बारादरी थाने पहुंचे और पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम भोजीपुरा के गांव रम्पुरा माफी निवासी साबिर और अन्ने बताया। विनोद कुमार की तहरीर पर बारादरी पुलिस ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया है।