सराफ विक्की रस्तोगी हत्याकांड :
कॉल डिटेल में मिली दोस्त की बातचीत, पुलिस ने उठाया
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। सराफ विक्की रस्तोगी के डिफेंस कॉलोनी से गायब होने से पहले उसकी मोबाइलपर आलोक नगर में रहने वाले उसके दोस्त कपिल से बातचीत हुई थी। कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस ने कपिल को उठा लिया है। डिफेंस कॉलोनी से गायब होने के बाद विक्की का शव कन्नौज में बरामद हुआ था।
मूल रूप से सौदागरान निवासी विक्की इज्जतनगर में एयरफ ोर्स गेट के पास कंजादासपुर में किराये के मकान में अपनी मां सुनीता रस्तोगी के साथ रहता था। सराफ ा कारोबार में गिरवी गांठ और इज्जतनगर क्षेत्र में ब्याज पर रुपये बांटने का काम करता था। घटना के दिन वह अपनी मां सुनीता को मोटरसाइकिल से सौदागरान में बड़े भाई दीपक के घर छोड़ने के बाद इज्जतनगर वापस चला गया था। रात साढ़े आठ बजे किसी परिचित का फ ोन आने पर डिफेंस कॉलोनी में एसबीआई शाखा के सामने बाइक खड़ी कर नैनीताल रोड की तरफ गया था। इसके बाद से परिवार को उसके बारे में कोई खबर नहीं मिली थी। दो दिन बाद कन्नौज के गुरसहायगंज में डुंडवा बुजुर्ग गांव में खेत में उसका शव मिला। कन्नौज पुलिस से जांच इज्जतनगर थाने में ट्रांसफर हो चुकी है।