आंवला (बरेली)। स्कूल से पैदल घर जा रही आठवीं की छात्रा को घर छोड़ने के नाम पर युवक ने बाइक पर बैठा लिया। उसे दूसरी दिशा में ले जाने की कोशिश की तो वह चीखते हुए कूद गई। छात्रा के बताए हुलिये पर परिजनों ने ग्रामीणों के संग युवक को जमकर पीटा और पुलिस को सौंप दिया। उसके खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट लिखी गई है।
इलाके के एक गांव की निवासी 13 वर्षीय छात्रा जूनियर हाईस्कूल में कक्षा आठ की छात्रा है। बुधवार दोपहर बाद स्कूल का अवकाश होने के बाद वह अपने गांव पैदल आ रही थी । रास्ते में किटौना गांव निवासी राजेश ने उसे घर पहुंचाने की बात कहते हुए बाइक पर बैठा लिया। छात्रा चेहरे से राजेश को जानती थी इसलिए बाइक पर बैठ गई। थोड़ा आगे बढ़कर छात्रा के गांव का रास्ता छोड़कर राजेश ने बाइक आंवला की ओर मोड़ ली। छात्रा ने राजेश को टोका और पूछा कि इधर क्यों जा रहे हैं? तब राजेश ने उसे धमकाकर चुपचाप बैठे रहने को कहा। पूर्व विधायक महिपाल सिंह के पेट्रोल पंप पर खड़े राहगीरों को देखकर छात्रा चिल्लाई। राहगीर दौड़े तो घबराए युवक को बाइक धीमी करनी पड़ी। तभी छात्रा बाइक से कूद गई। युवक कस्बे की ओर भाग गया। छात्रा के परिजनों ने आरोपी युवक की पहचान कर ली। लोगों ने बताया कि युवक नशे में लग रहा था। बृहस्पतिवार सुबह परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से युवक को पकड़कर जमकर पिटाई की और फिर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने छात्रा के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर उसको हिरासत में ले लिया। आरोपी राजेश की शादी हो चुकी है। वह तीन भाइयों से अलग रहकर कपड़े की फेरी लगाता है।
‘ग्रामीणों ने ही आरोपी को पकड़कर सौंपा है। तहरीर के मुताबिक छात्रा के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस को प्राथमिकता से कार्रवाई के निर्दश दिए गए हैं।’
- संसार सिंह, एसपी देहात