आसफपुर (बदायूं)। फैजगंज बेहटा इलाके में एक युवक मानसिक मंदित 13 वर्षीय किशोरी को कोल्हू की झोपड़ी में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। परिवार वाले एक महिला के अंतिम संस्कार में लगे थे। किशोरी बदहवास हालत में घर पहुंची तो परिवार वालों को पता चला। उन्होंने आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया गया है।
यह मामला थाना क्षेत्र के एक गांव का है। सोमवार को एक व्यक्ति की चाची का देहांत हो गया था। परिवार वाले शाम के समय अंतिम संस्कार में लगे थे। उसी समय उस व्यक्ति की मानसिक मंदित 13 वर्षीय बेटी किसी तरह से घर से निकल गई। आरोप है कि उनके गांव का ही एक युवक किशोरी को गांव के बाहर बंद पड़े कोल्हू की झोपड़ी में बहला फुसला कर ले गया। उसके बाद उसने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। आरोपी किशोरी को बदहवास हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गया। इधर, देर शाम किशोरी घर में दिखाई नहीं दी तो परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। परिवार वाले किशोरी को गांव में तलाश रहे थे कि उसी वक्त किशोरी कोल्हू की झोपड़ी की ओर से आती दिखी। परिवार वाले उसे घर ले गए और उससे जानकारी की। किशोरी की आपबीती सुनकर परिवार वाले दंग रह गए। सुबह होने का इंतजार किया और मंगलवार सुबह पीड़ित को लेकर थाने पहुंच गए। पिता ने आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर दी है। परंतु पुलिस ने मंगलवार शाम तक उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं की। किशोरी को मेडिकल परीक्षण को भेज दिया है। फैजगंज बेहटा एसओ इंद्रेश कुमार ने बताया कि इस मामले में मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।