शाहजहांपुर। कॉलेज कैंपस में छात्रा के साथ सिर्फ छेड़छाड़, अश्लीलता ही नहीं हुई, बल्कि उसे कॉलेज से उठा ले जाने की कोशिश भी की गई थी। मामले से जुड़ी वीडियो क्लिप वायरल होने के बाद इस तथ्य के सामने आने के साथ ही दो और आरोपियों के चेहरे भी सामने आए हैं। यह दोनों भी छात्रा से उलझते हुए दिख रहे हैं। वीडियो क्लिप को विवेचना में शामिल करने के साथ पुलिस उन दोनों शोहदों की भी पहचान में जुट गई है। गिरफ्तार इरफान से भी उनके बारे में पूछताछ की गई। हालांकि, पुलिस अभी इस संबंध में कुछ बताने से बच रही है।
कॉलेज कैंपस में छेड़छाड़, अश्लीलता और अपहरण की कोशिश के मामले में छात्रा ने एनएसयूआई जिलाध्यक्ष इरफान हुसैन उसके साथी नदीम, कामरान और शाहरोज को नामजद किया था। वारदात से जुड़ी एक वीडियो क्लिप सोमवार को वायरल हुई है। इसमें इमरान के साथ दो अन्य युवक भी दिख रहे हैं। यह दोनों भी छात्रा को धमका रहे हैं। वीडियो की पड़ताल से पता चला है कि उक्त दोनों युवक संबंधित कॉलेज के छात्र नहीं हैं। कॉलेज प्राचार्य ने भी इसकी पुष्टि की है। उन दोनों का नाम दर्ज एफआईआर में भी नहीं है। विवेचक दिलीप यादव ने भी इसे स्वीकार किया है। इधर, छात्रा ने जो तहरीर दी है उसमें आरोप यह भी लगाया गया है कि काले शीशे लगी कार से उसके अपहरण की कोशिश भी की गई। आरोपी कई महीने से उसका पीछा कर रहे थे। ऐसे में मामला और भी पेचीदा होता दिख रहा है। विवेचक दिलीप यादव का कहना है कि आरोपियों की संख्या बढ़ सकती है क्योकि वीडियो क्लिप में दिख रहे दोनों युवकों के नाम एफआईआर में नहीं हैं। वीडियो क्लिप के जरिए ही उनको भी ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है।
कामरान कॉलेज का छात्र, शाहरोज पर फंसी पुलिस
कॉलेज कैंपस में छात्रा से छेड़छाड़, अश्लीलता के मुख्य आरोपी इरफान हुसैन को जेल भेजने के साथ पुलिस उसके साथी कामरान और नदीम का पता तो ट्रेस कर चुकी है, लेकिन शाहरोज के मामले में उलझन बनी हुई है। आरोपियों में कामरान कॉलेज का छात्र बताया जा रहा है। नदीम कॉलेज का छात्र नहीं है। उसकी लाल इमली चौराहे के पास रेडीमेड गारमेंट की दुकान है। जबकि शाहरोज के बारे में अब तक कुछ पता नहीं लग सका। मंगलवार को संबंधित कॉलेज में शाहरोज नाम के छात्रों का रिकार्ड खंगाला जाता रहा। अब तक इस नाम के चार छात्र और युवक सामने आ चुके हैं। इनमें आरोपी कौन है अब तक यह साफ नहीं हो सका है।