प्रगतिनगर (करगैना बदायूं रोड) में एक सिपाही के घर में खुली देसी शराब की दुकान को महिलाओं ने बृहस्पतिवार को हंगामा करके बंद करा दिया। महिलाओं के हंगामे की खबर मिलने पर सीओ द्वितीय अशोक मीना सुभाषनगर थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और दुकान का शटर गिरवा दिया। महिलाओं ने मंगलवार को तहसील दिवस में देसी शराब की दुकान बंद कराने की मांग को लेकर एसडीएम को ज्ञापन भी सौंपा था, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई न हुई तो गुरुवार को महिलाएं खुद दुकान बंद कराने पहुंच गईं।
बदायूं रोड के करगैना स्थित प्रगतिनगर की महिलाओं ने मंगलवार को तहसील दिवस में हंगामा करके देसी शराब की दुकान बंद कराने की मांग की थी। उनके कहना था कि पड़ोस में ही प्राइवेट इंटर कॉलेज के अलावा कई और स्कूल भी हैं। देसी शराब की दुकान होने से बच्चों पर बुरा असर पड़ रहा है। साथ ही दुकान पर देर रात तक शराबियों के जमघट से कॉलोनी का माहौल खराब हो रहा है। इसके बाद भी दुकान बंद न हुई तो गुरुवार को महिलाएं खुद दुकान बंद कराने पहुंच गईं। उन्होंने दुकान के सामने सड़क पर बैठकर हंगामा शुरू कर दिया। सीओ द्वितीय अशोक मीना ने महिलाओं को शांत कराया और दुकान बंद करा दी। इस दौरान प्रीति सक्सेना, शिखा सक्सेना, पूनम देवी, पल्लवी, सोनम आदि मौजूद रहीं।