बरेली। कोचिंग से लौट रही छठवीं की छात्रा से उसके मोहल्ले के किशोर ने रास्ते में रोककर छेड़छाड़ की। छात्रा अपने भाई के साथ आरोपी के पास पहुंची तो उसने साथियों के साथ उन पर हमला कर दिया। छात्रा के भाई ने आरोपियों के खिलाफ बारादरी थाने में तहरीर सौंपी है।
बारादरी क्षेत्र निवासी एक छठवीं कक्षा की छात्रा घर के पास ही स्कूल की एक टीचर से ट्यूशन पढ़ने जाती है। छात्रा ने बताया कि कोचिंग जाते वक्त रास्ते में उसके मोहल्ले का किशोर उसे परेशान करता है। छात्रा के मुताबिक मंगलवार शाम कोचिंग से लौटते वक्त वह उसका पीछा कर रहा था। आरोप है कि रास्ते में किशोर ने उसे जबरन रोक लिया और छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर किशोर ने मारपीट भी की। छात्रा ने घर पहुंचकर घरवालों से शिकायत की तो उसका भाई उसे साथ लेकर उसके घर के लिए निकला। बताया कि रास्ते में मिले किशोर को पकड़कर थाने ले जाते वक्त उसके बड़े भाई ने साथियों के साथ उन पर हमला कर दिया। पीड़िता और उसके भाई को आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।