भुता (बरेली)। थाने के एक गांव में मौसी के घर आए युवक की पड़ोसी के घर में बेरहमी से पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि दावत के बहाने बुलाकर पहले पेड़ से बांधा गया और फिर लाठियों से पीटकर मार डाला। मामला प्रेमप्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। ग्रामीणों की चर्चा के साथ ही अधिकारी भी इस तर्क को मान रहे हैं। हालांकि वादी पक्ष रंजिश में हत्या बता रहा है। पुलिस ने तीन को नामजद कर एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
अर्जुन (21) नाम के युवक की मौसी पड़ोस के गांव में रहती हैं। वहां आने-जाने के दौरान अर्जुन का उनकी पड़ोसी सजातीय लड़की से प्रेमप्रसंग हो गया। अर्जुन मंगलवार को मौसी के घर गया था। बताते हैं कि रात करीब दो बजे लड़की के घरवालों ने उसे अपने घर में लाठियों से पीट-पीटकर मार डाला। उसके मौसेरे भाई विपिन के मुताबिक दावत के बहाने शाम को ही पड़ोसी परिवार ने अर्जुन को बुला लिया था। रात दो बजे शोर मचा तो वे लोग पड़ोस के घर पहुंचे। वहां अर्जुन का शव पड़ा था। बताया कि आरोपी शराब के नशे में बड़बड़ा रहे थे कि इसे पेड़ से बांधकर पीटकर हत्या कर दी है। अब कुछ होना नहीं चाहिए। उन लोगों ने सूचना देकर पुलिस बुलाई और शव भिजवाया। मृतक के पिता ने वेदप्रकाश, उसके भाई हीरालाल और बेटे धर्मेंद्र पर हत्या की रिपोर्ट कराई है। पुलिस ने हीरालाल को हिरासत में ले लिया। एसपी देहात ने पोस्टमार्टम हाउस जाकर घरवालों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया। सिर समेत कई जगह गहरी चोटों से हत्या की पुष्टि हुई।
मामला प्रेमप्रसंग में हत्या का है। युवक उस घर में खुद गया या उसे बुलाया गया, ये जांच का विषय है। बाकी आरोपी गिरफ्तार होने के बाद सच सामने आ जाएगा।- डॉ. संसार सिंह, एसपी देहात