बरेली। जोगी नवादा में एक समुदाय के युवक पर रंग डालने पर विवाद हो गया। थोड़ी देर बाद युवक ने कुछ साथियों के साथ आकर वहां से गुजर रहे दूसरे समुदाय के देवर-भाभी को पीटकर बाइक क्षतिग्रस्त कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने हमलावर को हिरासत में ले लिया। क्षेत्र में तनाव देखते हुए पुलिस तैनात कर दी गई है।
जोगीनवादा निवासी इलेक्ट्रॉनिक्स व्यापारी शाम पांच बजे घर जा रहा था। घर के सामने ही कुछ होरियारों ने उसे घेर लिया और विरोध के बावजूद रंग डाल दिया। उस समय तो युवक चुपचाप चला गया और थोड़ी देर बाद साथियों के साथ डंडे एवं सब्बल लेकर सड़क पर आ गया। उस दौरान जोगीनवादा के ही विक्की अपनी भाभी छाया वर्मा के साथ बाइक पर वहां से गुजरे तो युवक ने साथियों के साथ उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से दोनों घबरा गए और बाइक छोड़कर भागे। इसके बाद आरोपियों ने उनकी बाइक तोड़ दी। इससे क्षेत्र में दहशत व सांप्रदायिक तनाव की अफवाह फैल गई। सूचना पर जोगी नवादा चौकी इंचार्ज प्रवीण बेनीवाल और एसआई अजय सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर बारादरी थाने भेज दिया। बाद में बारादरी इंस्पेक्टर कृष्णवीर सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि अब क्षेत्र में शांति है लेकिन फिर भी पुलिस तैनात कर दी गई है। सूत्रों का कहना है कि साहू गोपीनाथ इंटर कालेज के पास मुर्गे वाली गली में हुए विवाद में भी यह युवक मौजूद था।