बरेली। कैंट के आजाद मोहल्ले में देर रात चोर पकड़ने का हल्ला मच गया। एक परिवार ने युवक को पकड़कर पहले पीटा फिर कैंट थाना पुलिस के हवाले कर दिया। उसके खिलाफ तहरीर भी दे दी। पुलिस ने युवक को रातभर थाने में बैठाए रखा। छानबीन में मामला प्रेम-प्रसंग का सामने आया तो पुलिस ने लड़की के घरवालों को भी बुला लिया। युवक ने बताया कि आजाद मोहल्ले में उसकी प्रेमिका रहती है। रात में मोबाइल पर उससे बात हो रही थी तो उसने चॉकलेट की फरमाइश कर दी। युवक चॉकलेट खरीदकर रात में ही प्रेमिका के घर पहुंच गया। प्रेमिका को चॉकलेट देने के दौरान परिवार के लोग जाग गए। युवक ने भागने की कोशिश की, तो उन्होंने दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। हकीकत सामने आने के बाद सुबह परिवार ने तहरीर वापस ले ली। इसके बाद पुलिस ने युवक को छोड़ दिया।