बरेली। दोस्त के साथ साइकिल से जाते युवक को बीसलपुर रोड पर अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। घटना में युवक की मौत हो गई। वहीं सड़क दुर्घटना में घायल दो और लोगों ने भी बुधवार देर रात दम तोड़ दिया।
बिथरी चैनपुर थाने के इज्जतनगर के गांव गुलड़िया बेसपुर निवासी 19 वर्षीय भगवानदास बुधवार रात पुरनापुर स्थित एक बारातघर में शादी समारोह में जा रहा था। साइकिल पर उसके साथ गांव निवासी दोस्त दुर्गाप्रसाद भी था। नवदिया झादा चौराहे पर अज्ञात कार सवार ने इनकी साइकिल में टक्कर मार दी। पुलिस ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां भगवानदास की मौत हो गई। जबकि साथी की हालत गंभीर बताई जा रही है। परिजनों ने बताया कि टक्कर मारने वाले वाहन की नंबर प्लेट वहीं टूटकर गिर पड़ी थी। पुलिस इसी से छानबीन कर रही है।
वहीं बेटे के नामकरण संस्कार का न्यौता देकर लौट रहे आंवला के गांव तुमड़िया निवासी 30 वर्षीय श्रीपाल नौ फरवरी को दातागंज में सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। देर रात निजी अस्पताल में इनकी मौत हो गई। सोमवार देर रात हादसे में घायल शाहजहांपुर के गांव बिलहरा निवासी 50 वर्षीय मुरारीलाल की भी निजी अस्पताल में मौत हो गई।