पहलवान साहब की मार्केट की छत पर गिरी पतंग लूटने चढ़ा बच्चा हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बच्चा जिस पतंग को उठाने की कोशिश कर रहा था, उसके मांझे पर लोहे की परत चढ़ी थी और वह हाईटेंशन लाइन पर पड़ा था। इससे बच्चा करंट की चपेट में आ गया।
सिविल लाइंस के जनरल मर्चेंट कारोबारी मेराज हसन खां का 11 वर्षीय बेटा अयान रजा खां फ्यूचर फाउंडेशन स्कूल में कक्षा छह का छात्र है। दिवाली के अवकाश के चलते मंगलवार को वह भी पिता के साथ दुकान पर आ गया। शाम करीब चार बजे सिविल लाइंस स्थित पहलवान साहब मार्केट की छत पर एक पतंग आकर गिरी। अयान पतंग लेने छत पर पहुंच गया।
उसने जैसे ही पतंग की डोर पकड़ी तो तेज धमाके के साथ करंट की चपेट में आकर झुलस गया। धमाके की आवाज पर जनसेवा टीम के पम्मी वारसी आसपास के दुकानदारों के साथ छत पर पहुंचे और अयान को उठाकर जिला अस्पताल ले गए। पम्मी वारसी ने बताया कि पतंग में बंधा मांझा चाइनीज था। उस पर लोहे के बुरादे की कोटिंग थी, इसके कारण हाईटेंशन लाइन पर गिरने से उसमें करंट प्रवाहित हो गया।