बरेली। प्रेमनगर क्षेत्र के मौलानगर निवासी फिजा रिजवी की शादी करीब दस महीने पहले लखनऊ के सादातगंज क्षेत्र निवासी आमिर आगा से हुई थी। विवाहिता के मुताबिक शादी के कुछ दिन बाद से ही पति व अन्य ससुराल वाले दहेज में दस लाख रुपये नकद की मांग करने लगे। असमर्थता जताने पर पति मारपीट करने के साथ ही दूसरी शादी की धमकी देने लगे। आरोप है कि 27 जनवरी को पति व अन्य ससुरालियों ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। किसी तरह रिश्तेदारों से मदद लेकर वह अपने मायके पहुंचीं। बताया कि परिवार के हर मर्द ने रुपयों के लालच में एक से ज्यादा शादियां कर रखी हैं। एसएसपी के आदेश पर आमिर आगा, ससुर सरदार आगा, दोनों सास महताब और परवीन व अन्य ससुरालियों के खिलाफ थाना प्रेमनगर में रिपोर्ट दर्ज की गई है।