बरेली। बारादरी इलाके की कृष्णानगर कॉलोनी काफी समय से बन रही विशाल इमारत का निर्माण पूरा होने को आया तो कॉलोनी के लोग यह जानकर सकते में आ गए कि जिस इमारत को वह किसी के घर का निर्माण समझ रहे थे, उसमें दरअसल शराब का गोदाम खुलने वाला है। आनन-फानन में कॉलोनी की महिलाओं ने इकट्ठे होकर निर्माणाधीन इमारत के सामने हंगामा शुरू कर दिया। कहासुनी और नोकझोंक के बीच निर्माण कराने वालों ने महिलाओं पर हाथ छोड़ा तो मामला एकाएक गरमा गया। कॉलोनी के लोग इकट्ठे होकर पहले रुहेलखंड पुलिस चौकी पहुंचे, वहां पुलिस ने टालमटोल की तो सीधे एसएसपी के पास पहुंच गए। एसएसपी ने मारपीट करने वालों के खिलाफ तुरंत एफआईआर लिखने का आदेश कर दिया। उधर, डीएम ने भी मजिस्ट्रेट की अगुवाई में तीन सदस्यीय टीम गठित कर महिलाओं से मारपीट समेत पूरे घटनाक्रम की जांच करने का आदेश दे दिया है।
कृष्णानगर कॉलोनी के लोगों के मुताबिक कॉलोनी के गेट के पास ही काफी समय से एक विशाल इमारत का निर्माण चल रहा था। पहले उन्हें बताया गया था कि यहां किसी का घर बन रहा है। अब जब निर्माण पूरा होने को है तो पता लगा कि इस इमारत में शराब का गोदाम बनाया जाएगा। बुधवार सुबह कॉलोनी की कई महिलाएं इकट्ठी होकर निर्माणाधीन इमारत के बाहर पहुंच गईं और शराब का गोदाम बनने से कॉलोनी का माहौल खराब होने की बात कहते हुए हंगामा शुरू कर दिया। बताया जाता है कि निर्माणाधीन इमारत में मौजूद लोगों से पहले महिलाओं की कहासुनी हुई। इसी दौरान इन लोगों ने महिलाओं के साथ मारपीट शुरू कर दी। इससे पूरी कॉलोनी में हंगामा मच गया।
मंजू, पुष्पा, वीना, रोली समेत कई महिलाएं और पुरुष इसके बाद पहले रुहेलखंड पुलिस चौकी और फिर एसएसपी मुनिराज जी के पास पहुंचे। एसएसपी को बताया कि शराब गोदाम का निर्माण करा रहे लोगों की मारपीट से वीना देवी के हाथ में काफी चोट आई है। वीना ने बताया कि उनके हाथ में फ्रेक्चर हो गया है। कॉलोनी के पुरुष एकत्र हुए तो काम करा रहे लोग और मजदूर फरार हो गए। महिलाओं ने बताया कि रुहेलखंड चौकी प्रभारी ने उनसे कहा कि आचार संहिता तक कोई रिपोर्ट नहीं होगी, चुनाव बाद आना। एसएसपी ने बारादरी पुलिस को मारपीट करने के मामले में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने का निर्देश दे दिया। इसके बाद लोग डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह से भी मिले। डीएम ने इस मामले को गंभीरता से लेते तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी है। इस समिति में एक मजिस्ट्रेट के साथ जिला आबकारी अधिकारी और पुलिस अधिकारी को रखा गया है।
- मारपीट के मामले में बारादरी थाने में रिपोर्ट के आदेश दिए हैं। शराब गोदाम का निर्माण रुकवाने के लिए पीड़ितों को प्रशासन या संबंधित विभाग के अधिकारियों से मिलने को कहा है। - मुनिराज जी. एसएसपी
कृष्णानगर कॉलोनी में अवैध शराब गोदाम बनाने और महिलाओं के साथ मारपीट करने की घटना गंभीर है। एक मजिस्ट्रेट के साथ आबकारी और पुलिस के अधिकारी की एक तीन सदस्यीय टीम को गठित कर इस पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी। इसमें जो भी दोषी होगा, उस पर कड़ी कार्रवाई होगी। -वीरेंद्र कुमार सिंह, जिलाधिकारी